जापान यात्रा पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर, ‘2+2’ बैठक में होंगे शामिल

भारत और जापान के बीच आपसी रिश्ते बेहद मजबूत है। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस रिश्ते को और मजबूती मिली। यही कारण है कि दोनों देश अब बातचीत को और मजबूती से आगे बढ़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में भारत और जापान के बीच रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री के स्तर पर टू प्लस टू की वार्ता होगी। इस वार्ता में शामिल होने के लिए भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर जापान यात्रा पर जाएंगे। जापान में भारत के दोनों नेता अपने समकक्ष के साथ वार्ता करेंगे। दोनों देशों के टू प्लस टू वार्ता के दौरान आप अच्छी साझेदारी को मजबूत करने के लिए नए रास्ते तलाशे जाने की संभावना है। राजनाथ और एस जयशंकर का दौरा 7 सितंबर से शुरू होगा जो कि 10 सितंबर तक चलेगा। आधिकारिक बयान के मुताबिक अपने दौरे के दौरान दोनों मंत्री अपने जापानी समकक्षों के साथ मंत्रालय स्तर पर बैठक करेंगे। साथ ही साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। दोनों देशों के रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री रणनीतिक संवाद में भी हिस्सा लेंगे। भारत ने साफ तौर पर कहा है कि दोनों देशों के बीच यह बैठक रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के प्रति सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित होगी। राजनाथ सिंह पहले ही मंगोलिया दौरे पर रवाना हो चुके हैं। अपने दौरे की समाप्ति के बाद वह सीधा जापान पहुंचेंगे। चीन और जापान के बीच ताइवान की वजह से इन दिनों तनातनी देखने को मिली है। ऐसे में भारत के साथ जापान की यह बैठक वैश्विक नजर से और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपको बता दें कि 5 महीने पहले जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान दोनों देशों ने अपने रिश्ते को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराए थे। इसी दौरान जापान ने भारत में अगले पांच वर्ष तक 3,20,000 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की थी। अपने आप में जापान का यह भारत में बड़ा निवेश है। टू प्लस टू’ संवाद में दोनों पक्षों द्वारा रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और विस्तार देने के तरीकों पर चर्चा करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम पर बातचीत करने की उम्मीद है। जापान के साथ भारत ने 2019 में ‘टू प्लस टू’ संवाद की शुरुआत की थी।

Related Articles

Back to top button