अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना, LG मनोज सिन्हा ने भी लगाया हर हर महादेव का जयकारा

अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बुधवार सुबह रवाना हो गया है। ये जत्था जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू बेस कैंप से रवाना किया है। इस दौरान उपराज्यपाल तीर्थयात्रियों ने हर हर महादेव के जयकारे लगाए। गौरतलब है कि अमरनाथ की यात्रा 30 जून से शुरू होगी। मिली जानकारी के मुताबिक, 3 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री इस पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। कोरोना महामारी की वजह से ये यात्रा 2 साल बाद आयोजित हो रही है।

आतंकी खतरे की वजह से सुरक्षाबल अलर्ट

इस यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आतंकी खतरे को देखते हुए जवान यहां पूरा तरह से मुस्तैद हैं। यात्रियों की सुरक्षा में सीआरपीएफ के बाइक स्क्वॉड कमांडो को लगाया गया है। गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा में रुकावट डालने के लिए आतंकी संगठन लश्कर पहले ही धमकी दे चुका है। ऐसे में सुरक्षाबल पूरी तरह अलर्ट हैं।

यात्रियों के वाहनों में RFID टैग लगाए गए

यात्रियों को जो वाहन ले जा रहे हैं, उनमें रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) टैग लगाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। ये यात्रा 30 जून से शुरू होकर 11 अगस्त तक रहेगी।

यात्रा के हैं 2 रूट

बता दें कि अमरनाथ यात्रा के 2 रूट है। एक रूट पहलगाम से है और दूसरा रूट सोनमर्ग बालटाल से जाता है। पहलगाम से अमरनाथ 28 किलोमीटर है, वहीं बालटाल से ये दूरी करीब 14 किलोमीटर है। हालांकि पहलगाम के रास्ते को यात्री ज्यादा सुविधाजनक मानते हैं।

यात्रियों को आधार कार्ड नंबर जमा करना होगा

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस बार नोटिफिकेशन जारी किया है। नोटिफिकेशन में इस बात पर जोर दिया गया है कि अमरनाथ यात्रियों को आधार कार्ड नंबर जमा करना होगा। नोटिफिकेशन में जारी नियम के अनुसार, मंजूरी के बाद जो तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा के लिए जाना चाहते हैं, उनके पास आधार कार्ड या आधार का प्रमाण देना होगा। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद से निर्देशों का भी पालन किया जाना जरूरी कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button