तीन दिवसीय दौरे पर भारत आएंगी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी से करेंगी मुलाकात

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 3 दिनों की भारत यात्रा पर आएंगी। उनका यह दौरा 5 सितंबर से लेकर 8 सितंबर के बीच होगा। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी करेंगी। इस बात की जानकारी भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई है। साथ ही साथ यह भी कहा गया है कि शेख हसीना अजमेर का भी दौरा कर सकती हैं। शेख हसीना की यह यात्रा आधिकारिक यात्रा होगी। जानकारी के मुताबिक शेख हसीना के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी भेंट वार्ता करेंगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता  अरिंदम बागची ने बताया कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के भी अजमेर जाने की संभावना है। हाल के वर्षों में, दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय जुड़ाव कायम रखा है। शेख हसीना की आगामी यात्रा से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

अरिंदम बागची ने दावा किया कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत हुए हैं। यही कारण है कि दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क भी बढ़ा है। इसके साथ ही दोनों देश ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध को भी साझा कर रहे हैं और आपसी सम्मान की भावना से आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले शेख हसीना 2019 में भारत की यात्रा पर आई हुई थी। 2019 के बाद से शेख हसीना की यह पहली भारत यात्रा होगी। बताया जा रहा है कि दोनों देश के प्रधानमंत्रियों के बीच लंबित और नियमित द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही साथ दक्षिण एशिया में रक्षा सहयोग और स्थिरता के मुद्दे पर भी जोर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि भारत की ओर से बांग्लादेश को आर्थिक मदद की भी पेशकश की जा सकती है। बांग्लादेश फिलहाल आर्थिक संकट से उबरने की कोशिश कर रहा है।वर्तमान में देखें तो बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था वैश्विक आर्थिक संकट के कारण मंडरा रही है। बांग्लादेश ने अपने विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिर रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से कर्ज को लेकर दरवाजा भी खटखटाया है। बांग्लादेश की चाहत यह भी है कि भारत के साथ व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते के लिए बातचीत की पहल शुरू की जा सके। इसके अलावा दोनों देशों के बीच नदियों के जल को लेकर भी विवाद की स्थिति रहती है। इस पर संयुक्त नदी आयोग की 38 वी मंत्रालय स्तरीय बैठक भी हो चुकी है। कुल मिलाकर देखें तो शेख हसीना की इस यात्रा से बंगलादेश को बहुत उम्मीदें हैं। शेख हसीना भारत से दोस्ती के साथ-साथ कुछ मदद की भी उम्मीद कर रही होंगी।

Related Articles

Back to top button