हरियाणा में 3 मई से एक हफ्ते का लगा संपूर्ण लॉकडाउन

हरियाणा: हरियाणा में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए 3 मई से एक सप्ताह का संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है। हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर राज्य में तीन मई से एक सप्ताह का लॉकडाउन लागू करने की रविवार को घोषणा की। इससे पहले राज्य के नौ जिलों में सप्ताहांत कर्फ्यू लागू किया गया था। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए हरियाणा सरकार ने पूरे राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है।

राज्य के गृह मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने रविवार को ट्वीट किया, ”तीन मई से पूरे राज्य में सात दिन का लॉकडाउन लागू किया जाएगा।” हरियाणा में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 125 लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 4,341 हो गई। इसके अलावा संक्रमण के 13,588 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 5,01,566 तक पहुंच गई।

पहले 9 जिलों में लगा था लॉकडाउन

बता दें कि, इससे पहले बीते शुक्रवार को प्रदेश के 9 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था। हरियाणा में 30 अप्रैल को रात 10 बजे से 3 मई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई थी। यह लॉकडाउन पंचकूला, सोनीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में लगाया गया था लेकिन अब सरकार ने पूरे राज्य में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।

इमरजेंसी सेवाओं को रहेगी छूट

हरियाणा सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों के अंदर रहना होगा। लॉकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर छोड़ने या पैदल चलने, वाहन से आवाजाही करने या सार्वजनिक स्थानों पर घूमने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ आवश्यक सेवाओं को पाबंदियों से छूट दी गई है।

Related Articles

Back to top button