अशोक वाटिका से शिलाएं लेकर अयोध्या पहुंचे श्रीलंका के मंत्री, राम मंदिर में होगा इस्तेमाल

अयोध्या (उप्र): अयोध्या में श्रीलंका की अशोक वाटिका से पवित्र शिलाएं लाई गई हैं। श्रीलंका के राजदूत, उप राजदूत और दो मंत्री इन शिलाओं को लेकर अयोध्या पहुंचे हैं। बता दें कि रामायण में अशोक वाटिका का काफी महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक सीता माता का हरण करने के लिए रावण ने उन्हें लंका की अशोक वाटिका में ही रखा था। अब उसी अशोक वाटिका से शिलाओं को अयोध्या लाया गया है जिनका इस्तेमाल राम मंदिर निर्माण में किया जाएगा।

श्रीलंका से आए डेलिगेशन ने रामलला के दर्शन किए। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने उनका स्वागत सत्कार किया। इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना हो गए। अशोक वाटिका से आई शिलाएं रामलला को समर्पित की जाएंगी। हालांकि, अभी ट्रस्ट ने इस बात को स्पष्ट नहीं किया है कि शिलाओं का इस्तेमाल कहां होगा।

Related Articles

Back to top button