PM मोदी का दिग्विजय पर निशाना, ओसामा बिन लादेन को मानते थे शांति दूत

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नाम लिए बिना कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि यह महाशय पुलवामा हमले को दुर्घटना बताते हैं। और यही लोग ओसामा बिन लादेन को शांतिदूत मानते थे। यह बात प्रधानमंत्री ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के धार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि जिस पार्टी ने सबसे लंबे समय तक पूरे देश पर शासन किया, जिस पार्टी के नेताओं ने हमारी पराक्रमी सेना के हाथ बांधकर रखे, उसके नेता अब हमारे वीर जवानों के सामथ्र्य पर सवाल उठाने से भी पीछे नहीं हठ रहे हैं। इसमें भी मध्य प्रदेश के एक नेता बहुत आगे नजर आ रहे हैं। इन महाशय ने पुलवामा हमले को दुर्घटना करार दिया है यानी एक हादसा जो बस हो गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासी समझ लें कि यह ऐसे ही नहीं बोले हैं बल्कि यह इनकी मानसिकता है। यही इनकी रगों में बसा हुआ है। आतंकियों को बचाने के लिए उनके हमले को ये हादसा बता रहे हैं। क्या पुलवामा में जो हुआ वह हादसा था क्या? ये वही नामदार परिवार के सिपहसालार हैं, जिनको आतंकी ओसामा बिन लादेन शांतिदूत लगता था। यही वह महाशय हैं, जिन्होंने मुंबई हमले में भी पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी थी और जांच को भटकाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

Related Articles

Back to top button