महाराष्ट्र : सरकार बनाने को शिवसेना ने मांगा और समय, राज्यपाल ने ठुकराई मांग

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में नाटकीय घटनाक्रम जारी है। सत्ता के खेल में दोस्त, दुश्मन और दुश्मन, दोस्त बन रहे हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी सहित 50-50 के फॉर्मूले पर सहमति नहीं बनने से भाजपा और शिवसेना अलग हो गए हैं। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी भाजपा के इंकार के बाद शिवसेना को सरकार बनाने का न्यौता दे चुके हैं। शिवसेना को इसके लिए कांग्रेस और एनसीपी के समर्थन की दरकार है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर शाम को बैठक हुई। इसमें एके एंटनी व अहमद पटेल जैसे दिग्गज नेता भी शरीक हुए।

जल्द ही सामने आएगा कि कांग्रेस सरकार बनाने में भूमिका निभाएगी या विपक्ष में ही बैठना पसंद करेगी। कांग्रेस उपमुख्यमंत्री व स्पीकर का पद मांग सकती है। साथ ही वह 14-14-14 के फॉर्मूले पर समझौता करना चाहती है। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्टों का कहना है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने फोन पर सोनिया से बात की है। उधर, आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना के नेता राज्यपाल से मिले। राज्यपाल ने शिवसेना को और समय देने से इंकार कर दिया है। आदित्य ने कहा कि मैंने राज्यपाल को बताया कि बाकी पार्टियों से बात चल रही है, लेकिन उन्होंने हमें और 24 घंटे का समय देने से मना कर दिया। हमारा दावा खारिज नहीं हुआ। हमने राज्यपाल से कहा कि हम सरकार बनाना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button