भाजपा की चाय पर चर्चा के जवाब में कांग्रेस दिल्ली में करेगी आय पर चर्चा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। कांग्रेस इस बार कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहती। वह भाजपा की चाय पर चर्चा की तर्ज पर देश की राजधानी में आय पर चर्चा करेगी। मंगलवार को यहां दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की।

शीला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी न्यूनतम इनकम गारंटी (न्याय) पर चर्चा करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा न्याय की घोषणा पर शीला ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को ध्यान में रखकर इसका ऐलान किया। कांग्रेस की सरकार आई तो हम गरीबों को 6 हजार रुपए महीना देंगे। न्याय स्कीम से देश के गरीबों को फायदा होगा। मोदी सरकार में देश में रोजगार घटे हैं, 2 करोड़ रोजगार का वादा किया गया था लेकिन पूरा नहीं किया गया।

इस मौके पर कांग्रेस नेता हारून हुसैन ने कहा कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने लोगों के खाते में 15 लाख रुपए भेजने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष ने न्याय का ऐलान किया है, जो एक अच्छा कदम है।

Related Articles

Back to top button