CAA : दिल्ली पुलिस ने की प्रदर्शन वाली 12 जगहों की पहचान, कहा-नहीं हुई कोई हिंसा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस द्वारा कुल 12 ऐसे फ्लैश प्वाइंट की पहचान की गई है, जहां विभिन्न समूहों ने गुरुवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इन स्थानों पर धारा 144 लगा दी है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान शहर में कहीं भी कोई हिंसा की घटना नहीं हुई है। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में हालांकि तनाव बना हुआ है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी मंदीप सिंह रंधावा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर किसी भी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया है। एहतियात के तौर पर दिल्ली के कुछ इलाकों में संचार के माध्यमों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में एहतियात के तौर पर धारा 144 लगाई गई है। प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की हिंसा नहीं हुई है और पुलिस ने भी बल का प्रयोग नहीं किया है। स्थिति नियंत्रण में है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी से लेकर देश के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर सभाएं आयोजित की।

दिल्ली पुलिस के आंतरिक नोट में बताया गया है कि प्रदर्शन सुबह आठ बजे शुरू हुए और रात तक जारी रहने की उम्मीद है। असम के कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुमार सुबह आठ बजे जंतर मंतर पर अनशन पर बैठे। जुबेर अहमद के नेतृत्व में जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों ने सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर सात पर प्रदर्शन किया और लाल किले की ओर बढऩे का प्रयास किया। यहां 1,000 प्रदर्शनकारियों की भीड़ देखी गई।

Related Articles

Back to top button