पाकिस्तान ने एक ही दिन में 3 बार तोड़ा सीजफायर, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

जम्मू: भारतीय वायुसेना द्वारा बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को तीसरी बार जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सीमावर्ती चौकियों और गांवों में 3 स्थानों पर भारी मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसमें एक जवान घायल हो गया। पाकिस्तान की तरफ से यह गोलीबारी बुधवार सुबह 04:30 बजे तक चलती रही।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि राजौरी जिले के नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टरों और पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर में सीमा पार से बिना उकसावे की गोलीबारी का भारतीय सेना ने जवाब दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नौशेरा के कालल क्षेत्र में एक सीमावर्ती चौकी की रक्षा में तैनात सिपाही को गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा में सबसे पहले सुबह साढ़े 11 बजे गोलीबारी की। इसके बाद शाम करीब छह बजे कृष्णा घाटी में मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सुंदरबनी सेक्टर में रात साढ़े 10 बजे संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया।

पिछले हफ्ते नियंत्रण रेखा पर, खासकर राजौरी और पुंछ जिलों में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का 60 से अधिक बार उल्लंघन किया है जिसमें एक ही परिवार के 3 सदस्यों सहित 4 लोग मारे गए।

Related Articles

Back to top button