सुरेन्द्र सिंह की अर्थी को स्मृति ईरानी ने कंधा दिया, परिजनों को ढांढस बंधाया

अमेठी। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के करीबी पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह की गाेली मारकर हत्या कर दी है। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी पहुंच गई हैं। वहां सुरेन्द्र सिंह के परिजनों को ढांढस बंधाया। सुरेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर को पुष्प अर्पित किए । इसके बाद पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह की अर्थी को कंधा दिया। इस मौके पर स्मृति ईरानी के आंखों में से आंसू निकल रहे थे।

अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक दया राम ने बताया कि जामो थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि बाइक सवार बदामशों ने घर के बाहर सो रहे सुरेंद्र सिंह पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। घायल पूर्व प्रधान को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते वक्त रास्ते में सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत मे लिया गया है, घटना की जांच जारी है।

सुरेंद्र के भाई नरेंद्र सिंह और बेटे अभय प्रताप सिंह ने कहा कि स्मृति इरानी के चुनाव में लगातार वे सक्रिय रहे, स्मृति को जिताने में सुरेंद्र की काफी अहम भूमिका थी। राहुल गांधी के हारने से कई कांग्रेसी नाराज थे। बेटे अभय ने बताया कि स्मृति इरानी की जीत को लेकर हम लोग जश्न भी मना रहे थे, जो कई कांग्रेस समर्थकों को अच्छा नहीं लगा। कहीं ना कहीं राजनीतिक द्वेष के चलते पिता की हत्या की गई। हम स्मृति इरानी से अपील करते हैं कि पिता के हत्यारों को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार किया जाए।

Related Articles

Back to top button