मानहानि मामला : केजरीवाल-सिसोदिया को BAIL, BJP नेता ने लगाया था आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मानहानि के एक मामले में जमानत दे दी। उन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विजेंद्र गुप्ता ने मानहानि का मामला दर्ज किया था।

गुप्ता ने केजरीवाल पर यह आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था कि रोडशो में थप्पड़ खाने के बाद उन्होंने ट्वीट कर भाजपा पर आरोप लगाया था कि भाजपा उनकी हत्या कराना चाहती है।

आम आदमी पार्टी (आप) के दोनों नेताओं को 10-10,000 की जमानत राशि पर जमानत दी गई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को सूचीबद्ध की है।

अदालत ने केजरीवाल, सिसोदिया तथा एक अन्य आप नेता सुशील गुप्ता को भाजपा नेता राजीव बब्बर द्वारा दर्ज मानहानि के एक अन्य मामले में भी जमानत दे दी। आप नेताओं द्वारा भाजपा पर मतदाता सूची से 30 लाख वोट काटने का आरोप लगाने के बाद बब्बर ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

Related Articles

Back to top button