भाजपा सरकार जाना तय, सिर्फ इधर-उधर की बातें करते हैं मोदी : प्रियंका

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने में अब बहुत ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में सभी दल अपनी ताकत झोंक रहे हैं और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जोरों पर है। रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा। यहां पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ लोदी एस्टेट स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद प्रियंका ने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार से परेशान है।

मोदी 15 लाख और रोजगार के सवाल का जवाब नहीं देते और सिर्फ इधर-उधर की बातें करते हैं। इस बार भाजपा की सरकार जाना तय है। यह चुनाव काफी अहम है क्योंकि यह लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्रीजी किसी भी बात का जवाब नहीं देते। उनके पास राहुलजी की चुनौती का जवाब भी नहीं है।

प्रियंका ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का आम आदमी पार्टी (आप) से गठबंधन नहीं होने से भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा। हम सभी सीटों पर अच्छा चुनाव लड़ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रियंका को इस चुनाव में पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है और पहली बार उन्होंने कांग्रेस में कोई आधिकारिक पद लिया है। इस बार प्रियंका ने रायबरेली और अमेठी से बाहर भी प्रचार किया है।

Related Articles

Back to top button