हमारे PM गरीब के घर से हैं, उनको गरीब की परेशानी मालूम है : शाह

नवापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार की कमान थामी हुई है। शाह ने यहां शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। साथ ही मोदी सरकार की खूब प्रशंसा की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि मुझे आज गर्व है कि नरेन्द्र मोदी सरकार को आदिवासियों ने चुना है, देश के ओबीसी समाज ने चुना है। इसका कारण आज देश में सबसे ज्यादा जनजाति और ओबीसी के विधायक अगर किसी एक पार्टी के हैं तो वो भाजपा के हैं। देश में सबसे ज्यादा सांसद जनजाति और ओबीसी समाज के अगर किसी पार्टी के हैं तो वो भाजपा के हैं।
115 आदिवासी जिले जो विकास की दौड़ में जो पीछे रह गए थे उनको नरेन्द्र मोदी जी ने सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से विकास करने की शुरुआत की है। देश में जितने भी ब्लॉक हैं उसके अंदर एकलव्य के नाम से, जो एकलव्य जनजाति समाज की आन-बान, शान का प्रतीक है उनके नाम से एकलव्य मॉडल स्कूल बनाने की शुरुआत मोदी जी ने की है।

राहुल गांधी कहते हैं कि अनुच्छेद 370 और महाराष्ट्र का क्या संबंध है? मैं उनको बताना चाहूंगा कि ये शिवाजी महाराज और वीर सावरकर की भूमि है। इस धरती के सपूतों ने राष्ट्र की सुरक्षा में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। दुनिया में दो ही देश ऐसे थे जो अपने जवानों के खून का बदला लेते हैं। एक अमेरिका और दूसरा इजराइल है। इन दो देशों की सूची में मोदी जी ने तीसरा नाम भारत का जोड़ने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button