सोनिया ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से की मुलाकात, इस्तीफों पर चर्चा

नई दिल्ली। राजनीति में आईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री कृपाशंकर सिंह के इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को यहां पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ के साथ बैठक की। सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर गायकवाड़ पहुंचे और उन्होंने सोनिया के साथ एक घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की।

गायकवाड़ ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) की अध्यक्ष ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के पार्टी छोडऩे के बारे में चर्चा की। राज्य विधानसभा चुनाव महज दो महीने दूर है। उर्मिला ने मंगलवार को पार्टी छोड़ दी।

वह लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी में शामिल हुई थीं और उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने कहा कि सोनिया ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और अन्य दलों के साथ गठबंधन के मुद्दे पर भी चर्चा की।

Related Articles

Back to top button