मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई जगह पानी भरने से जनजीवन ठप, ठाणे में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी

मुंबई: मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हुई। जिसकी वजह से जगह-जगह पानी भर गया। जोगेश्वरी में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और पालघर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बारिश का पानी भर जाने से जीवन थम गया है। दोनों ही जगह कई-कई फीट पानी भर गया है। जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना दुभर हो गया है। सड़कों पर सिर्फ पानी ही पानी बह रहा है, लोगों अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। बारिश की वजह से ठाणे में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

इससे पहले मौसम विभाग ने मुंबई में शनिवार देर रात और रविवार को भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था। भारतीय मौसम विभाग के मुंबई कार्यालय में मौसमविज्ञान के उप महानिदेशक के एस होसालिकर ने ट्वीट किया था कि ‘‘खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से शनिवार रात और रविवार को मुंबई में भारी बारिश की संभावना है। इसके मद्देनजर पश्चिमी तट सहित इलाके में अलर्ट जारी किया गया है।’’

हालांकि, बारिश से शनिवार की रात से पहले दस्तक दे दी और कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक मौसम विभाग के सांताक्रूज केंद्र पर शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान 43.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मौसम केंद्र पर 21.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

वहीं, बारिश से बुरी तरह प्रभावित वडोदरा में अब जीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है क्योंकि विश्वामित्री नदी का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। यह नदी मध्य गुजरात के वडोदरा शहर से होकर बहती है। अधिकारियों ने बताया कि वडोदरा में बारिश जनित घटनाओं में अब तक चार मजदूरों समेत छह लोग मारे गये हैं। भारी बारिश के बाद बाढ़ की वजह से वडोदरा शहर और उसके आस-पास के इलाकों से 5,700 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है।

Related Articles

Back to top button