बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक: 5 राज्यों की चुनावी रणनीति पर चर्चा, पीएम मोदी ने दिया ‘मंत्र’

नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक खत्म हो गई है। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समापन भाषण में कहा कि सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और इस कोरोना काल में कार्यकर्ताओं ने सेवा की नई संस्कृति की शुरुआत की। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि ज्ञान सिर्फ़ किताबों से ही नहीं मिलता हैं बल्कि लोगों से आत्मीयता से मिलने और लोगों के बीच काम करने के तजुर्बे से भी आता है।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर बताया कि 4 राज्यों के मुख्यमंत्री के द्वारा आने वाले समय मे चुनाव को लेकर विषय रखा गया। राज्यों के मुख्यमंत्री ने अपनी उपलब्धियों को बताया। पंजाब के अध्यक्ष ने सभी सीट पर चुनाव लड़ने की बात कही। पीएम ने बैठक में कहा सभी कार्यकर्ताओं को सामान्य लोगों के विश्वास का सेतु बनाना चाहिए। बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण आगे बढ़ी है। कोरोना के काल में पार्टी ने सिर्फ राजनीति को नहीं बल्कि सेवा को धर्म बनाया है। लगातार सामान्य जन से जुड़कर जो पार्टी काम करती है उसका परिणाम भी दिखता है। 5 राज्यों के अध्यक्ष और 4 मुख्यमंत्री द्वारा जो कहा गया उस पर पीएम ने कहा कि हम मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अर्थव्यवस्था में जो सुधार, कॉप-26 ,कोरोना काल में जो काम किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनने का आह्वान किया और कहा कि देश की राजनीति में पार्टी ने आज जो मुकाम हासिल किया है, उसका बहुत बड़ा कारण जनता से उसका जुड़ाव ही रहा है। राजधानी स्थित नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के सम्मेलन कक्ष में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एकदिवसीय बैठक के समापन भाषण में प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों खासकर, कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा कोई परिवार अधारित पार्टी नहीं है।

प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी मीडिया से साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मोदी ने आने वाले समय में भाजपा की कार्यनीति को बनाने के लिए एक बड़ा मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को सामान्य आदमी के मन के विश्वास का सेतु बनना चाहिए।’’

यादव के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा ने आज केंद्र में जो स्थान पाया है, उसका बहुत बड़ा कारण है कि पार्टी प्रारंभिक काल से लेकर और अभी तक सामान्य व्यक्ति से हमेशा जुड़ी रहती है। बकौल यादव प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा कोई परिवार आधारित पार्टी नहीं है। पार्टी जिन मूल्यों को लेकर चली है, उसमें सेवा, संकल्प और समर्पण जुड़ा है, कोई एक परिवार के साथ जुड़कर नहीं। पार्टी की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए और कड़ी मेहनत व परिश्रम के कारण हम आगे बढ़े हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में इसी विश्वास और अपनत्व को लेकर चलना होगा।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद एक के बाद एक लगातार कई ट्वीट किए। नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि ‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की उपस्थिति में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का शुभारंभ किया तथा बैठक को संबोधित किया। प्रधानमंत्री जी ने हम सभी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है, जो हमें संगठन कार्य में आगे बढ़ने एवं जन-सेवा के लिए प्रेरित करने वाला है। हमें हर्ष है कि संगठन अपने स्थापना के समय जिन विचारों व उद्देश्यों को लेकर आगे बढ़ा था वह आज पूरा हो रहा है। देश की जनता ने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की नीतियों व योजनाओं, भाजपा के विचारों को सराहा है तथा अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। पार्टी की ताकत हमारे बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता हैं, जिनके अथक परिश्रम से हम न केवल संगठन से जनता को जोड़ रहे हैं बल्कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं के लाभ को भी जनता तक सीधे पहुंचा रहे हैं। मैं भाजपा के सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करता हूं।’बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 18 मुद्दों पर चर्चा की गई। निर्मला सीतारमण ने बताया कि आने वाले समय में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों पर चर्चा हुई। बैठक में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रस्ताव पेश किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, एस जयशंकर, अनुराग ठाकुर, मुख्तार अब्बास नकवी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेता शामिल हुए। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी ने वर्चुअली बैठक में हिस्सा लिया।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वैक्सीनेशन का सराहनीय काम भारत में हुआ है लेकिन कैसे विपक्षी पार्टियों ने शुरुआत से ही वैक्सीनेशन पर प्रश्नचिन्ह उठाए। दनिया में सबसे ज़्यादा वैक्सीन भारत में लगाई गई जिस पर बैठक में बात हुई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जब 2014 में हमारी सरकार आई तो किसानों के लिए बजट में सिर्फ़ 23,000 करोड़ रुपये व्यय करने की व्यवस्था थी लेकिन पिछली बार वित्तमंत्री ने जो बजट पेश किया उसमें किसानों के लिए 1 लाख, 23 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक का उद्घाटन किया है। इसमें एक अनोखी पहल हुई है, जिसमें सारे प्रतिभागियों का डिजिटल पंजीकरण हुआ है। बैठक में 342 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

भाजपा का उत्कर्ष आना बाकी: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कहा कि पार्टी पिछले सात सालों से केंद्र की सत्ता में है और पूरब से लेकर पश्चिम तथा उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई राज्यों में उसकी सरकारें भी हैं लेकिन अब भी उसका उत्कर्ष आना बाकी है। राजधानी के एनडीएमसी सम्मेलन कक्ष में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया। नड्डा ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन का विशेष उल्लेख किया और आरोप लगाया कि चुनाव बाद हिंसा में राज्य में पार्टी के 53 कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई जबकि एक लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा प्रजातांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ेगी और अराजक तत्वों को जवाब देगी।

Related Articles

Back to top button