प्रशासन ने कन्नौज जाने से रोका तो सड़क पर ही बैठे अखिलेश, भाजपा पर बोला हमला

लखनऊ. सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किसानों के नाम पर सियासी बवाल मच गया। कन्नौज जाने के लिए निकले अखिलेश यादव को पुलिस ने तुरंत रोक लिया जिसके बाद जमकर बवाल हुआ। पुलिस द्वारा रोके जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। गिरफ्तारी देने से पहले उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और अपनी गिरफ्तारी दी। अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष अगर कहीं पर भी कुछ करता है तो सरकार कोरोना का बहाना बना लेती है।

इससे पहले लखनऊ में नजरबंद रहे अखिलेश यादव ने अपने आवास के पास विक्रमादित्य मार्ग पर धरना दिया और मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोरोना वायरस को एक बहाना बनाया है। भाजपा के लिए किसी भी कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए कोरोना वायरस कहीं पर भी नहीं है, लेकिन विपक्ष अगर कहीं पर भी कुछ करता है तो सरकार कोरोना का बहाना बना लेती है। अब तो यह सरकार भरपूर तानाशाही कर रही है। हर जगह पर पुलिस के दम पर हमें रोका जा रहा है। इसके बाद अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी दी।

Related Articles

Back to top button