चांद पर 10 दिन में 101 मीटर चला रोवर,वह लगातार डेटा भेज रहा है -एस सोमनाथ

New Delhi:चंद्रयान-3 मिशन का प्रज्ञान रोवर (Pragyan Rover) चांद पर घूमकर अलग-अलग जानकारी जुटा रहा है. रोवर ने चांद की सतह पर सेंचुरी लगाते हुए अब तक 100 मीटर की दूरी भी तय कर ली है. इसरो (ISRO) ने शनिवार (2 सितंबर) को ये जानकारी दी.

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “चंद्रयान-3 मिशन के प्रज्ञान का शतक पूरा, ये चंद्रमा के ऊपर अब तक 100 मीटर से ज्यादा दूरी तय कर चुका है और सफर जारी है.”

इसरो के चीफ एस सोमनाथ ने शनिवार को मिशन की आगे की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि चांद पर भेजे गए चंद्रयान-3 के रोवर और लैंडर ठीक से काम कर रहे हैं और चूंकि चंद्रमा पर अब रात हो जाएगी इसलिए इन्हें निष्क्रिय किया जाएगा.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोमनाथ ने कहा कि हमारी टीम अब वैज्ञानिक साजो-सामान के साथ ढेर सारा काम कर रही है. उन्होंने आगे बताया कि लैंडर से रोवर कम से कम 100 मीटर दूर हो गया है और हम आने वाले एक या दो दिन में इन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं, क्योंकि चांद पर रात होने वाली वाली है.

Related Articles

Back to top button