देवरिया में पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत छह लोगों की हत्या, सीएम योगी ने बताया दुःखद

UP: देवरिया में दिल दहलाने वाली वारदात हुई। यहां जमीनी विवाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य की हत्या के प्रतिशोध में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई। दूसरे परिवार में पति-पत्नी, दो बेटियों और बेटे का गला काटा गया-गोली मारी गई। हमलावर इतने बेरहम हो चुके थे कि उन्होंने 8 साल के बच्चे तक को नहीं छोड़ा। उस बच्चे पर कई वार किए और उसे मरा समझकर छोड़ गए।

हालांकि उसकी सांसें चलती रहीं, उसे गंभीर हालत में गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है। घटना देवरिया जिले की रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव की है। इस हत्याकांड को पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की हत्या के बाद अंजाम दिया।

गली में मिला था पूर्व पंचायत सदस्य का शव
दरअसल, हुआ यूं कि सोमवार सुबह 6 बजे प्रेम यादव का शव गली में पड़ा मिला। उनकी गला काटकर हत्या की गई थी। हत्या किसने की यह स्पष्ट नहीं था। लेकिन, यादव परिवार का शक सत्य प्रकाश दुबे पर गया। इसकी वजह थी कि प्रेम यादव और सत्य प्रकाश दुबे के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रेम यादव सुबह इसी विवाद के चलते सत्य प्रकाश के घर गए हुए थे। उसके बाद सत्य प्रकाश दुबे के घर से करीब 20 मीटर दूर प्रेम यादव का शव मिला था।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि वारदात सुबह हुई है। यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी और मारपीट हो गई। इसमें प्रेम यादव की मौत हो गई। कुछ देर बाद प्रेम यादव के लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर इतनी जघन्य घटना को अंजाम दिया।

प्रेम यादव की लाश मिलने के बाद उनके परिजन-रिश्तेदार आग-बबूला हो गए। 20-25 की संख्या में परिजन हाथ में लाठी-बंदूक और गड़ासा लेकर सत्य प्रकाश के घर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साई भीड़ को आता देखकर सत्य प्रकाश ने घर का दरवाजा बंद कर लिया।

प्रेम यादव के परिजन दरवाजा तोड़कर सत्य प्रकाश के घर में घुस गए। इसके बाद एक-एक की हत्या करना शुरू कर दिया। सत्य प्रकाश के घर पर जब हमला हुआ उस वक्त 6 लोग थे। हमलावरों ने पूरे परिवार को मार दिया। सिर्फ 8 साल का बच्चा अनमोल जिंदा बचा है। उसकी हालत गंभीर है।

ग्रामीणों के मुताबिक, हमलावर वहशी हो चुके थे। उन्होंने बच्चों, महिला और बच्चियों तक को नहीं बख्शा। सबसे पहले सत्य प्रकाश दुबे ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो उनको गोली मारी। फिर उन पर चाकू से वार किए। बचाने आई उनकी पत्नी किरण पर भी हमलावर टूट पड़े। उसका गला काट दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हमलावरों ने सत्य प्रकाश की बेटी सलोनी (18) को गोली मारी और चाकू से वार किए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद 10 साल की बेटी नंदनी और 15 साल के बेटे गांधी को भी मार डाला। सबसे आखिर में 8 साल के बेटे अनमोल पर हमला किया। वह अभी गंभीर है।

इस जघन्य हत्याकांड की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। 6 लोगों की हत्या की खबर सुनकर पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। तब तक ज्यादातर हमलावर मौके से भाग गए थे। सत्य प्रकाश दुबे का पूरा घर खून से सना हुआ था। लाशें इधर-उधर बिखरी हुईं थीं।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान
सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कमिश्नर, आईजी को तुरंत और कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

News Source Link:

Related Articles

Back to top button