भारत का तीसरा मून मिशन चंद्रयान-3 लॉन्च, अंतरिक्ष की दुनिया में रचा इतिहास

जिस घड़ी का बेसब्री से सभी भारतवासी इंतजार कर रहे थे, आखिर वह आ ही गई। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर लॉन्च किया गया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और इसरो के पूर्व चीफ के सिवन भी रहे। दुनिया की नजरें इस मिशन पर टिकी हुई हैं।

अमेरिका, चीन और तत्कालीन सोवियत संघ के बाद भारत चौथा देश बन जाएगा, जिसने चंद्रमा पर साफ्ट लैंडिंग (Moon Mission Landing) की महारत हासिल की है। इसरो ने कहा कि  ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण के लिए 25.30 घंटे की उल्टी गिनती बृहस्पतिवार को शुरू हो गई।

चंद्रयान-3 मिशन पूरी तरह से है स्वदेशीः जितेंद्र सिंह

Chandrayaan-3 की सफल लॉन्चिंग के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह इसरो के संस्थापक विक्रम साराभाई और अन्य लोगों द्वारा देखे गए सपने को साकार करने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह लॉन्चिंग विक्रम साराभाई को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह ऐसे समय में हो रहा है जब हम अमृत काल के 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह मिशन पूरी तरह से स्वदेशी है और आत्मनिर्भर भारत के मंत्र पर खरा उतर रहा है।

वैज्ञानिकों की भावना और प्रतिभा को सलाम

पीएम मोदी ने इसरो की सफलता पर ट्वीट कर कहा- ‘चंद्रयान-3 ने अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा है। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं की ऊंची उड़ान है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं।’

24 से 25 अगस्त के बीच चंद्रमा पर लैंडिंग

बता दें कि ISRO ने चंद्रमा के अपने तीसरे मिशन चंद्रयान-3 को लॉन्च कर दिया है। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से आज दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान-3 को लॉन्च किया गया है। पहले पृथ्वी के आर्बिट और उसके बाद चंद्रमा के आर्बिट में चक्कर लगाते हुए, आज से ठीक 41 दिन बाद चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर 24 से 25 अगस्त के बीच लैंडिंग होगी।

Related Articles

Back to top button