रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा के बाद राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय,बुलंदशहर में बोले पीएम मोदी
Bulandsahar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव के कैंपेन का बिगुल फूंक दिया है। पीएम ने जिले में 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम ने एक बड़ी रैली को भी संबोधित किया है। पीएम मोदी भव्य स्वागत के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संग बुलंदशहर पहुंचे। यहां पहले उन्होंने योजनाओं का उद्घाटन किया और रैली में पहुंचे। सीएम योगी ने पीएम को 1 करोड़ घरों में रूफ टॉप सोलार के लिए नई योजना के शुभारंभ, कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने के लिए धन्यवाद किया है।
कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है
वहीं प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा , “ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का और सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है। अयोध्या में मैंने राम लला के सान्निध्य में कहा था कि राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आजादी के बाद के दशकों में लंबे समय तक भारत में विकास को केवल कुछ ही क्षेत्रों में सीमित रखा गया। देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। उसमें भी उत्तर प्रदेश जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया गया। ये इसलिए हुआ क्योंकि लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया। जनता को अभाव में रखने का, समाज में बंटवारे का रास्ता, उनको सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम लगा। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।”
वहीं किसानों को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि किसानों का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज सरकार हर किसान परिवार के इर्द-गिर्द एक पूरा सुरक्षा कवच बना रही है। किसानों को सस्ती खाद मिलती रहे इसके लिए बीते वर्षों में हमारी सरकार ने लाखों करोड़ रुपये खर्च किए। दुनिया में आज यूरिया की जो बोरी 3000 रुपये तक की मिल रही है, भारत के किसानों को 300 रुपये से भी कम में मिल रही है…”बीते 10 वर्षों में जन कल्याण की हर योजना का सीधा लाभ हमारे छोटे किसानों को मिला है। करोड़ों पक्के घर बने हैं तो इनके बहुत बड़े लाभार्थी गरीब किसान और खेत मजदूर हैं। गांवों के करोड़ो घरों में टॉयलेट बने हैं। पहली बार गांव के करोड़ों घरों में नल से जल पहुंचा है। इसका लाभ सबसे अधिक किसान परिवारों की मेरी माताओं-बहनों को तो ही मिला है। पहली बार किसानों और खेत मजदूरों को भी पेंशन की सुविधा मिली है।पीएम फसल बीमा योजना से किसानों को मुश्किल समय में मदद मिली है। फसल खराब होने पर किसानों को 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दिए गए हैं…”