संसदीय दल की कार्यकारी समिति गठित, राजनाथ लोकसभा में भाजपा के उपनेता

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को संसदीय दल की कार्यकारी समिति का गठन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को लोकसभा में उपनेता नियुक्त किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भाजपा ने केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत को राज्यसभा में नेता और रेल मंत्री पीयूष गोयल को उपनेता बनाया है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को सरकार का मुख्य सचेतक बनाया गया है।
संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को पार्टी ने लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाया है और विदेश राज्य मंत्री वी.मुरलीधरन को राज्यसभा में मुख्य सचेतक बनाया गया है।  ये सभी नेता 50 सदस्यीय संसदीय दल की कार्यकारी समिति का भाग होंगे। बालासुब्रह्मण्यम कामर्सु संसदीय सचिव बने रहेंगे। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को संसदीय दल कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, अर्जुन मुंडा, नरेंद्र सिंह तोमर, स्मृति ईरानी और पार्टी के वरिष्ठ सांसद जुएल ओराम लोकसभा से विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।

केंद्रीय मंत्री जे.पी.नड्डा, निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, प्रकाश जावड़ेकर और वरिष्ठ सांसद ओम प्रकाश माथुर राज्यसभा का प्रतिनिधित्व करने वाली समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।

पार्टी ने लोकसभा में 18 सचेतक नियुक्त किए हैं।

Related Articles

Back to top button