संजय राउत को लीलावती हॉस्पिटल से मिली छुट्टी, बोले- शिवसेना से होगा अगला मुख्यमंत्री

मुंबई। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत को बुधवार की दोपहर मुंबई के लीलावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। दो दिन पहले वह अस्पताल में भर्ती हुए थे। हृदय की वाहिकाओं में आए दो ब्लॉकेज को हटाने के लिए राउत (57) की सोमवार की शाम अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई थी। अस्पताल से दोपहर एक बजे के आसपास रवाना होते समय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से ही होगा। राउत के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय के लिए आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि एंजियोप्लास्टी प्रक्रिया की प्रगति के आकलन के लिए कुछ दिन बाद उनकी एक और जांच होगी। सीने में दर्द के बाद राउत सोमवार की शाम लीलावती अस्पताल पहुंचे थे। डॉ. जलील पारकर ने उनका उपचार किया। शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक राउत पिछले कुछ समय से लगातार अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए मीडिया से बात कर रहे थे। राज्य में 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद से वह भाजपा-शिवसेना में हुए सत्ता के बंटवारे के कथित समझौते का हवाला देते हुए ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद के संबंध में मांग दोहरा रहे थे।

Related Articles

Back to top button