मोदी, भाजपा और जदयू के लिए राबड़ी के बिगड़े बोल, मिला यह जवाब

पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने बुधवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और उन्हें जल्लाद कहा है। इधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजद नेताओं के ऐसे ही बयानों के कारण बिहार बदनाम हुआ है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दुर्योधन कहे जाने के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में राबड़ी ने कहा कि उन्होंने (प्रियंका) दुर्योधन बोलकर गलत किया। दूसरी भाषा बोलनी चाहिए थी। वो सब तो जल्लाद हैं, जल्लाद। जो जज और पत्रकार को मरवा देते हैं, उठवा लेते हैं, ऐसे आदमी का मन और विचार कैसे होंगे, खूंखार होंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) के नेताओं को नाले का कीड़ा बताया।

राबड़ी देवी ने कहा, प्रधानमंत्री जिस तरह की भाषा अपना रहे हैं, नाली के कीड़े हैं सब। जद (यू) और भाजपा वाले सब नाली के कीड़े हैं। साल 2014 में वो विकास लेकर आए थे और देश का विनाश करके जा रहे हैं। राबड़ी के इस बयान को लेकर बिहार की सियासत गर्म हो गई है। भाजपा और जद (यू) ने राबड़ी के इस बयान की कड़ी निंदा की है।

Related Articles

Back to top button