महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से एक दिन में 246 लोगों की मौत

मुंबई: महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस से 246 लोगों की मौत हुई है। राज्य में आज कोरोना के कुल 8369 केस सामने आए है,जबकि आज 7188 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। राज्य में इस वायरस के कारण मृत्यु दर 3.75 फीसदी है। महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मामले 327031 हुए जबकि मृतकों की कुल संख्या 12276 है।

मुंबई की झुग्गी बस्ती धारावी में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की संख्या 2,500 के पार चली गई। बीएमसी ने यह जानकारी दी। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 10 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की संख्या 2,502 हो गई।

मुंबई पुलिस के 53 वर्षीय एक कांस्टेबल की मंगलवार सुबह कोविड-19 के कारण मौत हो गई, जिससे महानगर में संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या 52 हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 से जान गंवाने वाले कांस्टेबल नवी मुंबई के रहने वाले थे और तिलकनगर थाने में कार्यरत थे। बीमार पड़ने के बाद 22 जून को उन्हें चूनाभट्टी के सोमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अधिकारियों के अनुसार, कोविड-19 और निमोनिया के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

Related Articles

Back to top button