भाजपा उन्नाव कांड के आरोपी विधायक को पार्टी से क्यों निकाल नहीं रही: प्रियंका

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्नाव की एक बलात्कार पीड़िता के साथ हुई सड़क दुर्घटना पर एक बार फिर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर भाजपा किस बात का इंतजार कर रही है और बलात्कार के आरोपी विधायक को पार्टी से निकाल क्यों नहीं रही। सोमवार शाम एक ट्वीट में प्रियंका ने कहा कि भाजपा किस बात का इंतजार कर रही है? पार्टी इस व्यक्ति को निकाल क्यों नहीं रही है जबकि उसका नाम उन्नाव बलात्कार कांड में हाल में हुई दर्ज एफआईआर में भी है। उन्होंने इस ट्वीट के साथ हैशटैग बीजेपी सैक सेंगर भी लिखा यानी भाजपा सेंगर को बर्खास्त करे।इससे पहले, सोमवार सुबह प्रियंका ने उन्नाव बलात्कार कांड की पीड़िता के साथ हुई सड़क दुर्घटना को चौंकाने वाली घटना करार देते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार से न्याय की क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उन्नाव बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। प्रियंका ने सवाल किया कि इस केस में चल रही सीबीआई जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? उन्होंने यह भी पूछा कि इन सवालों के जवाब बिना, क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है? कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बलात्कार के घृणित अपराध की पीड़ित बेटी के लिए उन्नाव व यूपी न्याय चाहता था, पर न्याय की बजाय क्या हुआ? हत्या का षड्यंत्र? पिता की पुलिस हिरासत में हत्या, अब परिवार खोया और लड़ रही ज़िंदगी की जंग! उन्होंने सवाल किया कि आदित्यनाथ जी- मेरा कातिल ही मेरा मुंसिफ़ है, क्या मेरे हक़ में फ़ैसला देगा? गौरतलब है कि गत रविवार को हुए सड़क हादसे में उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़िता की मौसी, चाची और ड्राइवर की मौत हो गई। पीड़ित महिला और उसके वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर मामले का मुख्य आरोपी हैं।

Related Articles

Back to top button