प्रियंका ने फिर साधा निशाना, बोलीं-मंदी की गहरी खाई में गिरती जा रही है अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से कांग्रेस ने देश में जारी आर्थिक मंदी को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अपनाया हुआ है। इसमें भी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ज्यादा आक्रामक हैं। प्रियंका ने मंगलवार को ट्विटर पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा कि अर्थव्यवस्था मंदी की गहरी खाई में गिरती ही जा रही है। लाखों हिंदुस्तानियों की आजीविका पर तलवार लटक रही है।
ऑटो सेक्टर और ट्रक सेक्टर में गिरावट प्रोडक्शन-ट्रांसपोर्टेशन में निगेटिव ग्रोथ और बाजार के टूटते भरोसे का चिह्न है। सरकार कब अपनी आंखें खोलेगी? प्रियंका ने साथ ही एक न्यूज का लिंक शेयर किया, जिसकी हैडिंग है मारुति के बाद अब अशोक लेलैंड का चेन्नई प्लांट 5 दिन रहेगा बंद।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी राहुल व प्रियंका ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। प्रियंका ने कहा था कि सरकार आर्थिक मंदी को लेकर चुप बैठी है। कंपनियों की परेशानी बढऩे से व्यापार रुक गया है। वे नाटक, छल, झूठ व प्रचार के जरिए देश की हालत को लोगों से छिपा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button