थोड़े फायदे के लिए कांग्रेस ने किया देश की सुरक्षा से खिलवाड़: योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छोटे मोटे फायदे के लिए देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया और राफेल जेट सौदे पर समीक्षा याचिका उच्चतम न्यायालय द्वारा खारिज किये जाने ने विपक्षी दलों के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को समीक्षा याचिका खारिज कर दी थी। कांग्रेस ने राफेल सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगा आक्रामक अभियान छेड़ा था। योगी ने कहा कि समीक्षा याचिका का खारिज होना दुनिया के सामने कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश है। यह मिसाल है कि किस तरह कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ और छोटे मोटे फायदे के लिए देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया।उन्होंने कहा कि भाजपा मानती है कि राष्ट्रहित राजनीतिक फायदे से ऊपर होता है और देश का हर नागरिक उम्मीद करता है कि हमारी राजनीति राष्ट्रीय सुरक्षा से ऊपर ना हो। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राफेल सौदे को लेकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ का प्रयास किया, उन्हें भारत के नागरिकों से क्षमा मांगनी चाहिए।योगी ने गोरखपुर नगर निगम के नये भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि निगम की पुरानी इमारत जो 122 साल पुरानी है, को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।उन्होंने गोरखपुर में 171 करोड़ रूपये की परियोजनाओं का ऐलान किया। वह रविवार को पिपराइच चीनी मिल के पेराई सत्र का भी उद्घाटन करेंगे।

Related Articles

Back to top button