झारखंड : विपक्षी महागठबंधन ने सीट बंटवारे की घोषणा की, सोरेन होंगे CM का चेहरा

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी महागठबंधन ने शुक्रवार को सीट बंटवारे की घोषणा कर दी। महागठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शामिल होने की घोषणा की गई और कहा गया कि महागठबंधन से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री के उम्मीदवार होंगे।

रांची प्रेस क्लब में झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और झामुमो के हेमंत सोरेन ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य की 81 सीटों में से झामुमो 43 तथा कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राजद को सात सीटें दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन इस चुनाव को लड़ेगा तथा वही महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। सिंह ने जोर देकर कहा कि किसी भी विधानसभा सीट पर दोस्ताना संघर्ष नहीं होगा। ऐसा करने वाले नेता पर संबंधित पार्टी तत्काल कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button