मुंबई के अंधेरी में फुट ओवरब्रिज का हिस्सा गिरा, 5 घायल, चर्चगेट से विरार के बीच लोकल सेवा ठप्प

नई दिल्ली: मुंबई में अंधेरी वेस्ट इलाके में मंगलवार सुबह फुट ओवरब्रिज का हिस्सा अनाचक नीचे गिर गया। इस हादसे में पांच लोग जख्मी हो गए। वहीं, हादसे के कारण अंधेरी-विरार लोकल सेवा प्रभावित हो रखी गई है। राहत-बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है। ये हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे का बताया जा रहा है। मुंबई में इस वक्त तेज़ बारिश हो रही है और उसी बारिश के बीच ये हादसा हो गया। प्लेटफार्म नंबर सात और आठ के बीच अंधेरी स्टेशन पर ये ब्रिज गिर गया है। इस घटना ने विरार से चर्चगेट और चर्चगेट से विरार पर लोकल सेवा ठप्प कर दिया है। मौके पर 4 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7.30 बजे अचानक से ये ब्रिज गिर गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के अनुसार, ये ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है। इस ब्रिज का नाम गोखले ब्रिज है। फुटओवर ब्रिज का मलबा गिरने से रेलवे ट्रैक पर OHE प्रभावित हुई है, जिसके कारण यातायात पर फर्क पड़ा है।

वेस्टर्न रेलवे ने अंधेरी हादसे को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अंधेरी के लिए-02267630054, चर्चगेट के लिए 02267622540, बोरीवली के लिए 02267634053, मुंबई सेंट्रल के लिए 02267644257 पर संपर्क किया जा सकता है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रविंदर भाकर ने बताया कि ओवरहेड इक्व्पिमेंट क्षतिग्रस्त हो गया और इसे ठीक करने के लिए इंजीनियरों का एक दल काम पर लग गया है। उन्होंने कहा, ‘‘फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया है जिससे पश्चिम रेलवे की सभी सेवाएं बाधित हो गई हैं। हमारे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।’’ आपदा प्रबंधन ईकाई के एक अधिकारी ने कहा कि दमकल कर्मी और अन्य एजेंसियां मलबे को साफ करने के काम में जुट गई हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह करीब साढ़े सात बजे पूर्वी पश्चिम रेलवे का फुटओवर ब्रिज अंधेरी पूर्व स्टेशन की तरफ गिर गया। दमकल , मुंबई पुलिस और वार्ड स्टाफ घटनास्थल पर पहुंच गया है।’’ उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तेज बारिश के कारण फुटओवर ब्रिज में दरारें पड़ गई जिससे बाद में पुल ढह गया। उन्होंने बताया कि शुक्र है कि नीचे से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। इस बीच , पश्चिम रेलवे की उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने से शहर थम-सा गया है। कामकाजी लोगों को टिफिन पहुंचाने वाले डब्बावालों ने भी आज काम ना करने में असमर्थता जताई है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि ब्रिज के टूटने के बाद ट्रैफिक को रोका गया है। मुंबई पुलिस के ट्वीट में कहा गया है, ‘अंधेरी ईस्ट और वेस्ट को जोड़नेवाले गोखले ब्रिज का हिस्सा टूटकर ट्रैक पर गिरने से ओवरहेड (ओएचई) वायरों को भी नुकसान पहुंचा है। वेस्टर्न लाइन पर ट्रेन सेवा प्रभावित हुई है। बीएमसी, फायर ब्रिगेड के अलावा रेलवे सुरक्षाबल (आरपीएफ) के कर्मचारी भी मौके पर सहायता के लिए मौजूद हैं। ओवर ब्रिज के ऊपर और नीचे यातायात को अभी रोक दिया गया है।’

बता दें कि मुंबई में पिछले काफी समय से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी जिस दौरान ब्रिज गिरा है, वहां पर बारिश ही हो रही थी। ब्रिज के दूसरी तरफ ही दो स्कूल हैं, पास में ही रेलवे स्टेशन है। यही कारण है कि ये ब्रिज काफी इस्तेमाल में आता है, क्योंकि ये हादसा काफी सुबह हुआ इसलिए ब्रिज पर अधिक संख्या में लोग नहीं थे।

Related Articles

Back to top button