दुबई के होटल में कुछ यूं बीते श्रीदेवी के आखिरी ‘लम्हे’, जानें-उस रात क्या हुआ

 

मुंबई। मनोरंजन जगत में 50 साल तक अपनी अनोखी अदाओं की चांदनी बिखेरने वाली दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी अचानक दुनिया को अलविदा कह गईं है। उनके अचानक चले जाने से दुनियाभर में श्रीदेवी के फैंस और बॉलीवुड सदमे में है। श्रीदेवी की मौत की वजह दुबई के होटल में कार्डिएक अरेस्ट (ह्रदय-गति रुकना) बताया जा रहा है। वहीं, कुछ मीडिया रिपोट्र्स की मानें तो सुंदर दिखने के लिए जो सर्जरी करवाई गई, वो उनकी मौत की वजह हो सकती है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद मुंबई लाए जाने की उम्मीद है।

उनके घर के बार फैंस की भीड़ जमा है। मुंबई के वर्सोवा स्थित उनके बंगले में श्रीदेवी की अंतिम यात्रा की तैयारियां की जा रही हैं। खलीज टाइम्स की खबर के अनुसार कार्डिएक अरेस्ट होने से पहले श्रीदेवी उस रात होटल में अपने पति बोनी कपूर के साथ डिनर के लिए तैयार हो रही थी। दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने लिखा कि श्रीदेवी की मौत शनिवार रात करीब 11 बजे जूमीराह अमीरात टावर्स के होटल में हुई थी। अखबार की खबर के मुताबिक शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार के कई सदस्य वापस आ गए थे, जिसमें श्रीदेवी के पति बोनी कपूर भी मुंबई लौट चुके थे।

शनिवार को बोनी कपूर श्रीदेवी के लिए एक बड़ा सरप्राइज लेकर फिर से दुबई पहुंचे। बोनी कपूर शनिवार शाम करीब 5.30 बजे दुबई के उसी जुमैरा अमीरात टॉवर्स होटल में पहुंचे, जहां श्रीदेवी पहले से मौजूद थी। होटल के रूम में पहुंचने के बाद बोनी कपूर ने श्रीदेवी को जगाया। उसके बाद दोनों लगभग करीब 15 मिनट तक बातचीत करते रहे। बोनी कपूर ने श्रीदेवी को डिनर पर चलने के लिए कहा। बोनी कपूर के साथ डिनर करने के लिए श्रीदेवी तैयार होने के लिए बाथरूम चली गईं। कमरे के बाथरूम में जाने के बाद श्रीदेवी जब करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आईं तो बोनी कपूर ने दरवाजा खटखटाया। जब बॉथरूम के अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो बोनी कपूर ने किसी तरह दरवाजा खोला। जैसे ही बोनी कपूर बाथरूम के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि श्रीदेवी पानी से भरे नहाने वाले टब में बेहोश पड़ी हुई हैं।

बाथरूम में बेहोश होकर गिरने के बाद उन्हें दुबई के रशीद अस्पताल लाया गया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं,दूतावास के एक उच्च अधिकारी ने बताया था कि यह एक प्राकृतिक मौत थी, लेकिन फिर भी स्थानीय कानूनों के मुताबिक, श्रीदेवी का पोस्टमॉर्टम भी किया गया। हम दुबई पुलिस के साथ उनके पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं।स्थानीय मीडिया का कहना है कि श्रीदेवी का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है और लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों के हवाले से बताया गया था कि प्रोटोकॉल के मुताबिक यदि दुबई में हॉस्पिटल के बाहर किसी की मौत हुई हो तो इस जांच में 24 घंटे तक का समय लग जाता है। पुलिस इस केस में भी यही प्रोटोकॉल फॉलो कर रही है।

Related Articles

Back to top button