कवींद्र गुप्ता बने J&K के उपमुख्यमंत्री, सात अन्य ने मंत्री के रूप में शपथ ली

जम्मू। जम्मू कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता और सात अन्य ने राज्य की पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार के मंत्री के रूप में आज शपथ ली। अधिकारियों ने बताया कि गुप्ता राज्य के नये उपमुख्यमंत्री होंगे जिन्होंने निर्मल सिंह का स्थान लिया है। निर्मल ने कल रात पदेश के उपमुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा के जिन नये चेहरों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी है उनमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतपाल शर्मा, कठुआ के विधायक राजीव जसरोटिया तथा सांबा के विधायक दविंदर कुमार मान्याल शामिल हैं।

 राज्य सरकार में परिवहन राज्य मंत्री सुनील शर्मा को भाजपा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नति दी है। डोडा के भाजपा विधायक शक्ति राज को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलायी गयी है। पीडीपी के जिन मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया है उनमें पुलवामा के विधायक मोहम्मद खलील बांद और सोनवर के विधायक मोहम्मद अशरफ मीर शामिल हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव तथा प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लिया।

Related Articles

Back to top button