भारत का जीत का सफर जारी, जीतू को गोल्ड, मेहुली को रजत, अपूर्वी को कांस्य

गोल्ड कोस्ट। भारत की महिला निशानेबाज मेहुली घोष यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पांचवें दिन सोमवार को शूट-ऑफ में पिछडऩे के कारण महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक से चूक गईं। मेहुली को इस स्पर्धा का रजत पदक हासिल हुआ है। वहीं, भारत की एक अन्य निशानेबाज अपूर्वी चंदेला ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक सिंगापुर की मार्टिना लिंडसे वेलोसो को मिला। मेहुल और मार्टिना दोनों का फाइनल में स्कोर 247.2 ही था, लेकिन सिंगापुर की निशानेबाज ने शूट ऑफ में 10.3 का निशाना लगाते हुए सोना जीत लिया। मेहुली ने 9.9 का निशाना लगाया। मेहुली और मार्टिना दोनों ने इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा है। अपूर्वी ने कुल 225.3 अंक हासिल कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले भारत के अनुभवी निशानेबाज जीतू राय ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को पांचवें दिन भारत को आठवां स्वर्ण पदक दिलाया। बेलमोंट शूटिग सेंटर में आयोजित पुरुषों की 10 मीयर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा के फाइनल में जीतू ने सोना जीता, वहीं भारत के एक अन्य निशानेबाज ओम मिथारवल ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। जीतू ने फाइनल में कुल 235.1 अंक हासिल किए। इसके साथ ही उन्होंने इस स्पर्धा का नया रिकॉर्ड भी कायम किया। मिथारवल ने 214.3 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा का रजत पदक आस्ट्रेलिया के कैरी बेल ने जीता। उन्होंने कुल 233.5 अंक हासिल किए। वहीं, भारत के प्रदीप सिंह ने यहां जारी राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन सोमवार क भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। प्रदीप ने पुरुषों की 105 किलोग्राम भारवर्ग भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक पर कब्जा जमाया। उन्होंने स्नैच में 152 का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 200 का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया। प्रदीप ने कुल 352 का स्कोर किया। वह स्वर्ण की दौड़ में थे, लेकिन क्लीन एंड जर्क में आखिरी दो प्रयासों में असफल रहने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। स्पर्धा का स्वर्ण समोआ के सोनेले माओ को मिला जिन्होंने 360 का कुल स्कोर किया। कांसे पर इंग्लैंड के ओवेन बोक्सल ने कब्जा किया जिन्होंने कुल 351 का स्कोर किया।

Related Articles

Back to top button