अरुणाचल के बाद अब लद्दाख में तनाव, 6 किमी अंदर तक घुसी चीनी सेना

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन की तनातनी के बीच लद्दाख सीमा पर पैंगोंग झील के पास चीनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ की खबर आई है। खुफिया रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि चीनी सैनिक लद्दाख में पैंगोंग झील के पास भारतीय सीमा में 6 किलोमीटर अंदर तक घुस आए। भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस ने गृह मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपकर चीनी घुसपैठ की जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने उत्तरी पैंगोंग झील के पास गाडिय़ों के जरिए 28 फरवरी, 7 मार्च और 12 मार्च 2018 को घुसपैठ की गई। आईटीबीपी ने चीन के इस घुसपैठ पर विरोध भी दर्ज कराया। पैंगोंग झील के पास 3 जगहों पर चीनी सेना ने घुसपैठ की, इस दौरान चीनी सैनिक 6 किलोमीटर तक अंदर घुस आए थे। चीन ने लद्दाख सेक्टर में इस साल मार्च महीने में सबसे ज्यादा घुसपैठ की कोशिशें की हैं। चीन ने पिछले एक महीने में 20 बार भारत-चीन सीमा पर घुसपैठ की। 8 अप्रैल को ही खबर आई थी कि अरुणाचल प्रदेश के असफिला क्षेत्र में भारतीय सेना की पेट्रोलिंग को लेकर चीन ने कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही चीन ने इस क्षेत्र में एक बार फिर से अपना दावा ठोका है। उसने इस क्षेत्र में भारतीय सेना की पेट्रोलिंग को अतिक्रमण करार दिया है। चीन का दावा है कि असफिला क्षेत्र उसका हिस्सा है। हालांकि, भारतीय सेना ने चीनी सेना के इन आरोपों और आपत्तियों को सिरे से खारिज कर दिया। आपको बता दें कि लद्दाख सीमा पर पैंगोंग झील के पास का यह वही एरिया है जहां पिछले साल 15 अगस्त को भारतीय व चीनी जवानों के बीच झड़प हुई थी। चीनी जवानों ने पैंगोंग झील के पास वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें भारतीय जवानों ने रोक दिया। इसे लेकर तेज झड़प हुई और सैनिकों में एक घंटे से ज्यादा समय तक गतिरोध चला जिस दौरान दोनों देशों के सैनिकों ने पथराव किया था।

Related Articles

Back to top button