लाल किले की ओर बढ़ रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, सोनिया और प्रियंका भी शामिल हुई

New Delhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली गेट से निकलकर लाला किला की ओर बढ़ रही है। इस दौरान उनके साथ अभिनेता कमल हासन भी जुड़ गए हैं। यात्रा में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ है। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब हैं।

भारत जोड़ो यात्रा ने बदरपुर बॉर्डर की ओर से तड़के सुबह दिल्ली में प्रवेश किया था। इस यात्रा में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल भी हुईं। लाल किले पर राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा राष्ट्रीय स्मृति स्थल भी पहुंचेगी।

राहुल गांधी दोपहर बाद निजामुद्दीन दरगाह पहुंचे, जहां उन्होंने चादर चढ़ाई। शाम 5 से 6 के बीच राहुल गांधी राजघाट, वीर भूमि और शक्तिस्थल तक पहुंचेंगे।

सोनिया-प्रियंका भी यात्रा में हुए शामिल

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी कुछ दूरी तक इस यात्रा में शामिल हुईं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा बहुजन समाज पार्टी (BSP) के सांसद श्याम सिंह यादव और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) नेता टी सुमथि ने भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘जो मोहब्बत इनसे मिली है, वही देश से बांट रहा हूं।’’ यात्रा सुबह लगभग 10 बजे दक्षिणी दिल्ली में आश्रम चौक पहुंची जहां ‘जयराम आश्रम’ में राहुल गांधी और अन्य सभी ‘भारत यात्रियों’ ने कुछ देर विश्राम किया। राहुल गांधी ने यहां सियाराम दरबार के दर्शन किए। दोपहर लगभग एक बजे यह यात्रा फिर से शुरू हुई जो लाल किले तक जा रही है।

Related Articles

Back to top button