राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने क्रिकेटर शमी सहित अन्य खिलाड़ियों को खेल पुरस्कारों से नवाजा

Sports News:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने क्रिकेटर शमी सहित अन्य खिलाड़ियों को खेल पुरस्कारों से नवाजा

New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भव्य समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। जहां क्रिकेटर मोहम्मद शमी राष्ट्रपति भवन में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पहुंचे।

बैडमिंटन की इस जोड़ी को मिला ध्‍यानचंद खेल रत्‍न पुरस्‍कार

बैडमिंटन खिलाड़ियों चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को 2023 में शानदार प्रदर्शन के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया था। उन्होंने 2023 में एशियाई खेलों में अपना और बैडमिंटन में देश का पहला स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई चैंपियनशिप और इंडोनेशिया ओपन का खिताब भी जीता। वर्तमान में मलेशिया ओपन सुपर 1000 में खेलने के कारण यह जोड़ी समारोह में शामिल नहीं हो पाई।

26 खिलाड़ी और पैरा खिलाड़ी अर्जुन पुरस्कार से हुए सम्मानित

राष्ट्रपति भवन में 26 खिलाड़ियों और पैरा खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टखने की चोट से उबर रहे शमी सम्मान हासिल करने के लिए समारोह में मौजूद थे। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में 7 मैच में 24 विकेट लिए थे और भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

हाल में शतरंज ग्रैंडमास्टर बनीं आर वैशाली को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह स्टार ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद की बड़ी बहन हैं। कोनेरू हम्पी और द्रोणावल्ली हरिका के बाद ग्रैंडमास्टर बनने वाली वैशाली देश की तीसरी महिला खिलाड़ी हैं।

इन्हें भी मिला अर्जुन पुरस्कार

शमी के अलावा जिन खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड मिला उनमें ये नाम शामिल हैं:

पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), मोहम्मद हुसामुद्दीन (बॉक्सर), आर वैशाली (शतरंज), ओजस प्रवीण देवताले (तीरंदाजी), अदिति गोपीचंद स्वामी (तीरंदाजी), श्रीशंकर (एथलेटिक्स), कृष्ण बहादुर पाठक (हॉकी), सुशीला चानु (हॉकी), पवन कुमार (कबड्डी), रितु नेगी (कबड्डी), नसरीन (खो-खो), सुनील कुमार (रेसलिंग), अंतिम (रेसलिंग), रोशीबिना देवी (वुशु), शीतल देवी (पैरा आर्चरी), अजय कुमार (ब्लाइंड क्रिकेट), प्राची यादव (पैरा कैनोइंग), अनुश अग्रवाल (घुड़सवारी), दिव्यकृति सिंह (घुड़सवारी ड्रेसेज), दीक्षा डागर (गोल्फ), पिंकी (लॉन बॉल्स), ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर (शूटिंग), ईशा सिंह (शूटिंग), हरिंदर पाल सिंह (स्क्वैश), अयहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस).

कोच का भी हुआ सम्मान

खिलाड़ियों के अलावा देश के 5 कोच को उनके अहम योगदान के लिए कोचिंग के द्रोणाचार्य अवॉर्ड से नवाजा गया. इनमें ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज), गणेश प्रभाकरन (मलखंब), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) का नाम शामिल है. इनके अलावा गोल्फ कोच जसकीरत सिंह ग्रेवाल, जयन्त कुमार पुसीलाल (टेबल टेनिस, कोच) और भास्करन ई (कबड्डी, कोच) को लाइफ टाइम अवॉर्ड से नवाजा गया.

Related Articles

Back to top button

Deprecated: Directive 'allow_url_include' is deprecated in Unknown on line 0