राजीव गांधी की जयंती पर राहुल ने किया उन्हें याद, लिखा भावुक पोस्ट

नयी दिल्ली: आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 76वीं जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें याद करते हुए राहुल गांधी ने एक भावुक पोस्ट लिखा। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें अपने पिता की कमी हमेशा महसूस होती है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राजीव गांधी समय से आगे और बेहतरीन दूरदृष्टि वाले व्यक्ति थे। साथ ही वह एक करुणामय और स्नेह करने वाले इंसान थे। यह मेरे लिए सौभाग्य और गौरव की बात है कि वह मेरे पिता हैं। हमें उनकी कमी आज के दिन और रोजाना महसूस होती है।’’

राहुल गांधी ने वीरभूमि पहुंचकर राजीव गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए कहा, ‘‘राजीव गांधी जी का राजनीतिक जीवन छोटा था, लेकिन इस अल्प समय में भी उन्होंने देश की प्रगति को नयी दिशा प्रदान की। उनका मानना था कि भारत की एकता उसकी विविधता के कारण और मजबूत होती है। उनके आदर्शों पर अमल करना ही हमारी ओर से उन्हें सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।’’

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्रांति के जनक, जिन्होंने 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रखकर आधुनिकता की छाप छोड़ी, भारत रत्न राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।’’

Related Articles

Back to top button