कर्नाटक के नए सीएम का ऐलान आज ! धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी बनाए गए पर्यवेक्षक

बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर भाजपा अब सक्रिय हो गई है। सूत्र यह दावा कर रहे हैं कि आज शाम 5:00 बजे तक नए मुख्यमंत्री का ऐलान हो सकता है। साथ ही साथ मुख्यमंत्री के अलावा दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी कर्नाटक भेजे जाएंगे। विधायकों की बैठक के बाद ही नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

आपको बता दें कि बीएस येदियुरप्पा ने कल अपना इस्तीफा दे दिया था। हालांकि अगले मुख्यमंत्री के शपथ तक वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। नए मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा आलाकमान लगातार बैठक कर रहा है। इन सबके बीच मुरुगेश निरानी का नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहा है। कर्नाटक में सबसे प्रभावशाली लिंगायत समुदाय है जिससे येदियुरप्पा आते हैं। खदान मंत्री मुरुगेश निरानी भी येदियुरप्पा की ही तरह लिंगायत समुदाय से संबंध रखते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के दावेदार के तौर पर वह सबसे आगे चल रहे हैं।

इनके अलावा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मुख्यमंत्री की रेस में है। प्रह्लाद जोशी को संघ और नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह का बेहद भरोसेमंद माना जाता है। ऐसे में अगर प्रह्लाद जोशी को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो इसमें आश्चर्य नहीं होनी चाहिए। साथ ही साथ कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई और भाजपा के महासचिव सीटी रवि भी मुख्यमंत्री की रेस में है।

Related Articles

Back to top button