अकाली दल की अपील, सभी राजग सहयोगी एकजुट रहें

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की स्थाई सहयोगी है और 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अन्य गठबंधन सहयोगियों को भी एकजुट रहना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल सहित अन्य शीर्ष अकाली नेताओं से यहां मुलाकात के बाद सुखबीर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शिअद भाजपा और राजग का स्थाई सहयोगी है।’’ अकाली दल के प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच कोई टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि बैठक में शिअद सदस्यों ने शाह के साथ 2019 के संसदीय चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा की। यह बैठक भाजपा के ‘संपर्क फॉर समर्थन’ का हिस्सा थी।

सुखबीर बादल ने कहा कि उनकी पार्टी सभी राजग सहयोगियों से अपील करना चाहती है कि वे लोकसभा चुनाव के लिए एकजुट रहें। उन्होंने कहा, ‘‘लड़ाई सिर्फ छह महीने दूर है। जो भी मतभेद रहे हों , हमें उन्हें भूल जाना चाहिए और एक योजना बनानी चाहिए।’’ इसी संपर्क अभियान के तहत शाह कल शिवसेना से बात करने के लिए मुम्बई में थे। शिवसेना अगले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा नीत राजग में रहने की इच्छुक नहीं है। शिरोमणि अकाली दल राजग में एक महत्वपूर्ण सहयोगी है और 2017 में पंजाब में कांग्रेस के सत्ता में आने से पहले अकाली दल और भाजपा की गठबंधन सरकार थी।
सुखबीर ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए सीट बॅंटवारे के मुद्दे पर कहा, ‘‘हम एक आंतरिक समिति बनाएंगे जो इस पर चर्चा करेगी।’’ भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा , ‘‘ दोनों दल पुराने और स्थाई सहयोगी हैं। बादल सीनियर हमारे आदर्श हैं और उनके नेतृत्व में हम पंजाब में आगे बढ़ रहे हैं। बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।’’ चुघ ने कहा कि दोनों दलों के सदस्यों ने केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल के दौरान हुए विकास कार्यों की सराहना की। भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना ने कहा, ‘‘बैठक इस संकल्प के साथ खत्म हुई कि हमें 2019 का लोकसभा चुनाव जीतना है।’’ उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं हैं और दोनों ही मजबूती से एक साथ काम कर रहे हैं।
हालांकि बैठक से पहले वरिष्ठ शिअद नेता बलविंदर सिंह भुंडेर ने कहा था कि मोदी सरकार ने पिछले चार साल में पंजाब से संबंधित मुद्दों की ‘‘ अनदेखी ’’ की। बैठक के बाद शाह ने ट्वीट किया, ‘‘बादल साहब से मिलकर हमेशा बड़ी खुशी होती है। प्रकाश सिंह बादल जी और सुखबीर से चंडीगढ़ में उनके घर पर मिला।’’ शाह ने बाद में भाजपा की पंजाब इकाई के नेताओं से मुलाकात की और 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा की। शाह का आज बाद में 94 वर्षीय हॉकी दिग्गज बलबीर सिंह और जाने माने एथलीट मिल्खा सिंह से भी चंडीगढ़ स्थित उनके घरों पर मिलने का कार्यक्रम है। चंडीगढ़ पुलिस ने कुछ लोगों को तब हिरासत में ले लिया जब जीएसटी और शिलांग में खासी तथा सिख समुदाय के बीच हालिया हिंसा के मुद्दे पर ज्ञापन सौंपने के लिए वे शाह से मिलने की कोशिश कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button