राहुल गांधी आज हाथरस जाएंगे, दोपहर एक बजे हो सकते हैं रवाना

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज पीड़ित परिवार से मिलने हाथरस जाएंगे। वे दोपहर एक बजे दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हो सकते हैं। इससे पहले एक अक्टूबर को भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस जाने के लिए दिल्ली से निकले थे लेकिन यमुना एक्सप्रेस वे पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया था। यमुना एक्सप्रेस वे पर राहुल गांधी और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी। पुलिस ने राहुल और प्रियंका का हिरासत में ले लिया था। कांग्रेस नेता के.सी.वेणुगोपाल ने बताया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसद आज दोपहर 19 वर्षीय बेटी के परिवार से मिलने हाथरस जाएंगे।

एसपी समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड

हाथरस की घटना पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पुलिस अधीक्षक, तत्‍कालीन क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक समेत कई जिम्‍मेदार अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया जिसके बाद इन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया था। अपर मुख्‍य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्‍थी ने शुक्रवार को इस फैसले की जानकारी दी। मुख्‍यमंत्री ने हाथरस की घटना की जांच के लिए एसआईटी टीम गठित की थी।

एसआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, तत्‍कालीन क्षेत्राधिकारी राम शब्‍द, तत्‍कालीन प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा, वरिष्‍ठ उपनिरीक्षक जगवीहर सिंह, हेड मुहर्रिर महेश पाल को निलंबित कर दिया गया है। विनीत जायसवाल को हाथरस का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इस मामले में सभी आरोपियों का नार्को परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button