कैबिनेट सचिव का कार्यकाल दूसरी बार बढ़ा, जून 2019 तक पद पर रहेंगे

नयी दिल्ली। कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा का कार्यकाल एक वर्ष के लिए और बढ़ा दिया गया। एक आधिकारिक आदेश में आज यह जानकारी दी गई है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने शीर्ष पद के लिए उनके कार्यकाल विस्तार को अगले वर्ष 12 जून तक मंजूरी दी। सिन्हा (62) को मई 2015 में निर्धारित दो वर्ष की अवधि के लिए कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया था।

13 जून , 2015 को सचिव पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद सिन्हा का कार्यकाल दूसरी बार बढ़ाया गया है। इस पद पर अपनी नियुक्त से पहले वह ऊर्जा सचिव थे। उत्तर प्रदेश काडर के 1977 बैच के आईएएस अधिकारी सिन्हा ने अजीत सेठ का स्थान लिया था जो चार वर्षों तक इस पद पर रहे थे।

सिन्हा इससे पहले जहाजरानी मंत्रालय में भी सचिव रह चुके हैं। सिन्हा केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। कैबिनेट सचिवालय सीधे प्रधानमंत्री की देखरेख के अधीन होता है। कैबिनेट सचिव इसके प्रशासनिक मुखिया होते हैं। इसके साथ ही वह सिविल सेवा बोर्ड के भी पदेन अध्यक्ष होते हैं।

Related Articles

Back to top button