केजरीवाल से मिलीं ममता बनर्जी, आम चुनाव की रणनीति पर चर्चा

नयी दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। समझा जाता है कि दोनों नेताओं ने 2019 के आम चुनावों में भाजपा से मुकाबले को लेकर राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। बहरहाल, दोनों नेताओं ने बैठक के बाद मीडिया से बात नहीं की। बैठक करीब 35 मिनट चली। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो कोलकाता में 19 जनवरी को आयोजित अपनी रैली में विपक्षी दलों के नेताओं को शामिल होने का निमंत्रण देने राष्ट्रीय राजधानी आई हुई हैं। टीएमसी के सूत्रों ने कहा कि 2019 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए दोनों मुख्यमंत्रियों ने राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने के लिए बनर्जी विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रही हैं। दिल्ली दौरे के दूसरे दिन उन्होंने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात की।कांग्रेस, तेदेपा, वाईएसआर (कांग्रेस), द्रमुक, राजद, सपा और जद (एस) के अलावा बनर्जी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, शिवसेना नेता संजय राउत और भाजपा के अन्य असंतुष्ट नेताओं से मुलाकात की। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ केजरीवाल सरकार के मतभेदों को लेकर बनर्जी ने केजरीवाल का पक्ष लिया। ममता के अलावा आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री केंद्र के साथ रस्साकशी में आप का समर्थन कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button