अरविंद केजरीवाल ने कहा, राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों में AAP के साथ गठबंधन से इनकार किया

नई दिल्ली: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन की संभावनाओं पर विराम लग गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी है कि राहुल गांधी गठबंधन के लिए तैयार नहीं हुए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने हाल ही में राहुल से मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘AAP के साथ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।’ दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित के उनसे संपर्क ना करने के बयान पर केजरीवाल ने कहा, ‘हमने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दीक्षित इतनी महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं।’ केजरीवाल लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए लगातार कांग्रेस से गठबंधन करने की अपील कर रहे हैं।

आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों से ऐसी चर्चा चल रही थी कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो सकता है। पार्टी के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने हाल ही में कहा था कि दिल्ली के दीर्घकालिक परिणामों पर ध्यान देते हुए गठबंधन की संभावना कम है। सूत्र ने कहा, ‘बड़ा सवाल यह है कि गठबंधन के बाद AAP 2020 चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला कैसे करेगी। साथ ही, पार्टी को राजनीतिक रूप से ज्यादा फायदा नहीं होगा क्योंकि केजरीवाल द्वारा केवल 2-3 सीटों की पेशकश की जा रही है।’ इसके साथ ही अब साफ हो गया है कि 2014 के लोकसभा चुनावों में अब दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button