बेटे अखिलेश ने काटा पिता मुलायम का टिकट

समाजवादी पार्टी ने आज अपने दो शीर्ष नेताओं की सीटों की घोषणा कर दी। समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ़ की सीट से चुनाव लड़ेंगे। पिछले चुनाव में मुलायम सिंह यादव इस सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। मुलायम को इस बार मैनपुरी से टिकट दिया गया है। वहीं दूसरी ओर सपा के कद्दावर नेता आज़म खान को भी इस बार पार्टी ने चुनाव में खड़ा करने का फैसला किया है। आजमखान अपनी पारंपरिक सीट रामपुर से चुनाव लड़ेंगे। आजम खान इस समय उत्‍तर प्रदेश विधानसभा के सदस्‍य हैं। दूसरी ओर समाजवादी पा‍र्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने 40 स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें डिंपल यादव और जया बच्‍चन का नाम शामिल है, लेकिन मुलायम सिंह यादव को इस सूची में जगह नहीं दी गई है।

40 स्‍टार प्रचारकों में मुलायम गायब 

पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए अपने 40 स्‍टार प्रचारकों की सूची आज जारी कर दी है। इस सूची में सबसे चौकाने वाली बात मुलायम सिंह यादव को शामिल न करना है। मुलायम सिंह यादव को पार्टी ने मैनपुरी से टिकट दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुलायम सिर्फ पर्चा दाखिल करने ही मैनपुरी जाएंगे। वे अपनी सीट पर भी चुनाव प्रचार में शामिल नहीं होंगे। पार्टी अधिकारियों के अनुसार ‘नेता जी’ के लिए जनता खुद प्रचार करेगी।

डिंपल यादव और जया बच्‍चन के नाम शामिल 

समाजवादी पार्टी ने जिन 40 स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी की है उसमें पहला नाम पार्टी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव का है। इसके अलावा पार्टी महासचिव आजम खान और रामगोपाल यादव का नाम भी सूची में शामिल है। इसके अलावा सांसद डिंपल यादव और जया बच्‍चन के नाम भी इसमें शामिल हैं।

 

Related Articles

Back to top button