CAA के कारण भाजपा भारी मुश्किल में है-विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी

कराची। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए नए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के कारण उनकी पार्टी भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के खतरे का सामना कर रही है। फेडरेशन ऑफ पाकिस्तान चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक कार्यक्रम में कुरैशी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2019 के आम चुनाव में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि जहां तक दिल्ली चुनाव की बात है, जहां नतीजे कल (मंगलवार को) घोषित होने वाले हैं, वहां लग रहा है कि भाजपा भारी मुश्किल में है और उस पर एक बड़ी हार का खतरा मंडरा रहा है। भारत के खिलाफ पाकिस्तानी प्रचार को दुनिया का समर्थन नहीं मिलने के संदर्भ में कुरैशी ने कहा कि बहुत से देशों को लगता है कि भारत एक बहुत बड़ा बाजार है, इसीलिए वे अपने आर्थिक हितों के खिलाफ नहीं जाते हैं।

सभी बातें नैतिकता और सत्य की करते हैं, लेकिन काम सभी अपने आर्थिक हितों की सुरक्षा के हिसाब से करते हैं। कुरैशी ने साथ ही कहा कि कश्मीर मामले में भारत के भेदभावपूर्ण कानून के कारण वे देश भी भारत के साथ संबंधों की समीक्षा कर रहे हैं जिनसे भारत के संबंध गहरे हैं।

Related Articles

Back to top button