न्यूजीलैंड: 5 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रहेगा दो मस्जिदों में फायरिंग का आरोपी, पेशी के बाद अदालत ने सुनाया आदेश

क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड): न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों पर फायरिंग कर 49 लोगों की हत्या करने वाले ब्रेंटन टैरंट को अदालत में पेश किया गया। अदालत में आरोपी ने अपनी जमानत के लिए कोई अपील नहीं की। कोर्ट ने आरोपी ब्रेंटन टैरंट को अगली सुनवाई तक के लिए कस्टडी में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 अप्रैल को होनी है। बता दें कि हमले के बाद से 9 भारतीय भी लापता है।

न्यूजीलैंड में भारत के उच्चायुक्त संजीव कोहली ने 9 भारतीयों के लापता होने की बात कही है। संजीव कोहली ने ट्वीट किया है कि ‘कई सारे सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक भारतीय मूल के 9 लोग लापता हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। मस्जिद में फायरिंग की घटना मानवता के खिलाफ बड़ा अपराध है। हमारी संवेदना इस घटना में हताहत लोगों के परिजनों के साथ है।’

चश्मदीद लेन पेनेहा ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को काले कपड़े पहने मस्जिद में घुसते देखा और उसके बाद दर्जनों गोलियों के चलने की आवाजें सुनाई दीं। इससे घबराये हुए लोग मस्जिद में इधर उधर भागने लगे। इसके बाद वह वहां से भागा और इस दौरान उसके हाथ से कुछ गिर गया जो शायद उसका स्वचालित हथियार था। तब वह मस्जिद की तरफ लोगों की मदद करने के लिए दौड़ पड़े।

हमलावर ने संभवत: एक लाइवस्ट्रीम वीडियो भी बनाया, जिसमें इस भयावह कांड की वीभत्सता को दर्ज किया गया है। बंदूकधारी मस्जिद में करीब दो मिनट रहा और वहां मौजूद नमाजियों पर बार बार गोलियां दागीं। यहां तक कि उसने पहले ही दम तोड़ चुके लोगों पर भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

वहां से वह सड़क पर निकला और पैदल चल रहे लोगों पर गोलियां बरसाईं। फिर वह वापस मस्जिद में गया और करीब दो दर्जन से अधिक लोग जमीन पर पड़े थे। वहां से फिर वह वापस आया और एक महिला को गोली मार दी और अपनी कार में आकर बैठ गया। उसकी कार में इंग्लिश रॉक बैंड ‘‘ द क्रेजी वर्ल्ड ऑफ आर्थर ब्राउन’’ का ‘‘फायर’’ गीत बज रहा था।

Related Articles

Back to top button