शामली में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, 5 लोगों की गई जान, CM ने दिए जांच के आदेश

लखनऊ। शामली जिले के कांधला कस्बे में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार को आग लगने से तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की जान चली गई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। जानकारी के अनुसार दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित फरमान फायर वक्र्स में करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग काम कर रहे थे।

दोपहर बाद वहां रखे बारूद में अचानक आग लग गई। जल्द ही आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई। वहां गैस सिलेंडर भी रखे थे जिनमें एक के बाद एक धमाके हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि पटाखा फैक्ट्री के परखच्चे उड़ गए। लोगों के शवों के चिथड़े उडक़र आस-पास खेतों में बिखर गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

रेस्क्यू टीम ने पांच लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। डीएम अखिलेश सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिन लोगों की जान गई है, उनमें तीन महिलाओं के अलावा फैक्ट्री का मालिक भी शामिल है। हालांकि फैक्ट्री मालिक के पास पटाखे बनाने और बेचने का लाइसेंस था। घटना के बाद से जसाला गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button