लखनऊ: प्रियंका गांधी के धरने के मामले में FIR दर्ज, कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप

लखनऊ: गांधी प्रतिमा पर प्रियंका गांधी के धरने के मामले में FIR दर्ज की गई है। कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन के मामले में लखनऊ के हजरतगंज थाने में यह FIR दर्ज की गई है। प्रियंका गांधी ने जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर मौन धरना दिया था। इस दौरान प्रियंका के साथ बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। हालांकि इस FIR में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है। जानकारी के मुताबिक 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ ये FIR दर्ज कराई गई है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी पहुंचीं और उन्होंने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी का शिकार हुई महिला अनीता यादव से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी ने महिला के साथ हुई बदसलूकी को लेकर अपनी संवेदना जताई। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को लखनऊ पहुंची थी। उन्होंने हजरतगंज पहुंचकर जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और प्रदेश सरकार की तानाशाही और खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर सांकेतिक विरोध दर्ज करते हुए मौन धरना दिया था।

Related Articles

Back to top button