बिहार को विशेष दर्जा : तेजस्वी ने नीतीश पर भोजपुरी में कसा तंज

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली पार्टी जनता दल यूनाटेड ने ​बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन करने का ऐलान किया है। इस पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, विधानसभा में विपक्ष के नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने सरकार पर एक बार फिर तंज सकते हुए ट्वीट किया है। इससे पहले भी उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि इसके लिए उन्हें ‘संयुक्त राष्ट्र’ और ‘जी-8’ से संपर्क करना चाहिए।
तेजस्वी ने इस बार भोजपुरी में तंज कसा- ई बताइये, किससे हक़ लेकर रहेंगे जी! ट्रम्प से, पुतिन से अथवा शी जिनपिंग से…!! साहब, ये नौटंकी, ड्रामेबाज़ी और अदाकारी छोड़िए। चंद्रबाबु नायडू की तरह रीढ़ की हड्डी सीधी रख आंखों में आंख डाल बात करिए। कुछ आंखों में पानी बचा है की नहीं या बिहारियों को टोटल बुरबक समझ लिया है!
इससे पहले भी तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल किया था कि वह किससे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं! तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा था, ‘प्रिय नीतीश चाचा जी, अब आप को बिहार के लिए विशेष दर्जा मांगने के मकसद से यूएन और जी-8 से सम्पर्क करना चाहिए। लोगों को बेवकूफ बनाना छोड़ दीजिए। आप किससे मांग रहे हैं।’ उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा था, ‘अपने गठबंधन भागीदार बीजेपी के सिर पर सवार हो जाइए। प्रधानमंत्री के उन वीडियो को चलाइए जिसमें उन्होंने बिहार के लिए विशेष दर्जे का कई बार वादा किया है।’

Related Articles

Back to top button